सरायकेला-खरसावां, 30 मई 2026: जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्यक्रम के सफल संचालन तथा व्यापक जन-जागरूकता के उद्देश्य से जिले में विशेष प्रचार अभियान की शुरुआत की गई। इस क्रम में निदेशक, डीआरडीए श्री अजय तिर्की एवं अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार ने संयुक्त रूप से दो जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जनगणना जागरूकता वाहन आगामी सात दिनों तक जिले के दोनों अनुमंडलों के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान आम नागरिकों को जनगणना 2027 से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी तथा उन्हें इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी एवं सहयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान के माध्यम से नागरिकों को मकान सूचीकरण, मकानों की गणना, जनगणना प्रक्रिया के दौरान पूछी जाने वाली जानकारियों तथा आवश्यक दस्तावेजों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। साथ ही यह भी बताया जाएगा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश एवं राज्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के न्यायसंगत वितरण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्माण एवं क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
- जनगणना 2027 के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना
- मकान सूचीकरण एवं गणना प्रक्रिया की जानकारी देना
- जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने हेतु प्रेरित करना
- अफवाहों एवं भ्रांतियों से बचने के लिए लोगों को जागरूक करना
अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे जनगणना कार्य के दौरान सहयोग करें, सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। साथ ही संबंधित विभागों एवं कर्मियों को जन-जागरूकता गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
"हमारी जनगणना, हमारा विकास" के संदेश के साथ जिलेवासियों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई।
इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार, अपर जिला जनगणना पदाधिकारी श्री कमलेश कुमार दास सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें