चांडिल में पेट्रोल पंप संचालकों के साथ प्रशासन की अहम बैठक
सरायकेला-खरसावां जिले में आम लोगों को निर्बाध रूप से पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल श्री विकास कुमार राय ने क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक में पेट्रोल एवं डीजल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने, आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा पेट्रोल पंपों पर व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निर्देश: सभी पेट्रोल पंप संचालक निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें और उपभोक्ताओं के साथ पारदर्शिता बनाए रखें।
अनुमंडल पदाधिकारी ने पेट्रोल पंपों पर लग रही लंबी कतारों को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने के लिए आवश्यक प्रबंधन करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा गया कि एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, खाद्य सामग्री आपूर्ति वाहन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि जनहित से जुड़ी सेवाएं बिना किसी बाधा के जारी रह सकें।
बैठक के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट रूप से कहा कि जमाखोरी, कालाबाजारी या अफवाह फैलाने जैसी गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ईंधन वितरण करने का निर्देश दिया गया।
📢 प्रशासन की आम जनता से अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। क्षेत्र में पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है तथा प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें