बुधवार, 13 मई 2026

गांधी कॉलेज ऑफ एलाइड साइंस में लैम्प लाइटिंग समारोह एवं नर्सेस डे का भव्य आयोजन

राजनगर, सरायकेला-खरसावां: छोटा सिजुलाटा स्थित गांधी कॉलेज ऑफ एलाइड साइंस में अंतरराष्ट्रीय नर्सेस डे एवं लैम्प लाइटिंग समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह, गरिमा और प्रेरणादायक वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नर्सिंग छात्राओं के भीतर सेवा, समर्पण, अनुशासन और मानवता के मूल्यों को मजबूत करना था।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य एवं कस्तूरबा गांधी गर्ल्स हाई स्कूल, राजनगर की प्राचार्या उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक एस. के. गुप्ता, चेयरमैन लक्ष्मी गुप्ता, प्राचार्या डॉ. संध्या साहू, डॉ. अंकिता सिंह, चंद्रजीत कुमार यादव, भृगु नारायण राणा, कविता कुमारी, खुशबू महली, पूनम जोजो, शम्पा दास सहित कई शिक्षकगण एवं गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

दीप प्रज्ज्वलन एवं लैम्प लाइटिंग समारोह के माध्यम से नर्सिंग पेशे की गरिमा, सेवा भावना और मानव कल्याण के प्रति समर्पण को दर्शाया गया। इस दौरान छात्राओं ने नर्सिंग शपथ ग्रहण कर सेवा, अनुशासन एवं पेशे की नैतिकता का पालन करने का संकल्प लिया।

उपस्थित अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ होती हैं। मानव सेवा और मरीजों की देखभाल में उनका योगदान अतुलनीय है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे श्रेष्ठ माध्यम है।

पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक माहौल बना रहा। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।


0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें