अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला ने किया पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण, उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर ईंधन उपलब्ध कराने के निर्देश
- पेट्रोल एवं डीजल स्टॉक की जांच
- जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त चेतावनी
- उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर ईंधन देने का निर्देश
- अफवाहों से बचने की प्रशासन की अपील
उपायुक्त सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश ने क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर और वितरण व्यवस्था की विस्तार से जांच की गई।
निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में जमाखोरी, कालाबाजारी या उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। आवश्यक वस्तुओं की सुचारू उपलब्धता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाहों से बचें तथा पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
साथ ही जिला प्रशासन ने यह भी कहा कि यदि कहीं किसी प्रकार की समस्या, अनियमितता या कृत्रिम कमी की सूचना मिलती है, तो उसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें