गुरुवार, 14 मई 2026

उपायुक्त की उपस्थिति में कुपोषण नियंत्रण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य प्रबंधन को लेकर कार्यशाला आयोजित

कुपोषण नियंत्रण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य को लेकर विशेष कार्यशाला आयोजित

सरायकेला-खरसावां जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा कुपोषण की समस्या को कम करने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार, सरायकेला में एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला Wheels Global Foundation द्वारा संचालित MIYCN Project के तहत आयोजित की गई, जिसमें उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा, सिविल सर्जन सरयू प्रसाद राय, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर, उपाधीक्षक सदर अस्पताल सहित जिले के सभी MOIC, DPM, BPM, GNM, स्टाफ नर्स एवं ANM ने भाग लिया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य: मातृ एवं शिशु पोषण में सुधार, कुपोषण की रोकथाम तथा ग्रामीण स्तर तक स्वास्थ्य जागरूकता को मजबूत बनाना।

कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को नवजात शिशुओं के लिए प्रारंभिक एवं अनन्य स्तनपान के महत्व, सही स्तनपान तकनीक, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के संतुलित आहार तथा बच्चों में आवश्यक पोषक तत्वों की जरूरत के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इसके अलावा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में संतुलित पोषण की भूमिका, स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य जांच का महत्व, गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान एवं समय पर उपचार, पूरक आहार की सही विधि तथा समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

📌 उपायुक्त ने क्या कहा?

उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने कहा कि कुपोषण उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और सहभागिता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने स्वास्थ्य, समाज कल्याण, शिक्षा, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग सहित सभी विभागों को मिलकर कार्य करने पर जोर दिया।

उपायुक्त ने स्वास्थ्यकर्मियों एवं अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों तक पोषण संबंधी सही जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि “कुपोषण मुक्त जिला बनाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग, जन-जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता बेहद आवश्यक है।”

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें