उत्कृष्ट कार्य के लिए एमओआईसी कुचाई को प्रथम एवं एमओआईसी ईचागढ़ को द्वितीय पुरस्कार
सरायकेला-खरसावां: उपायुक्त श्री नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार, सरायकेला में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न योजनाओं की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सदर अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, योजनाओं के क्रियान्वयन एवं आमजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
- सभी स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं के स्टॉक एवं एक्सपायरी की नियमित जांच।
- एक्सपायर दवा मिलने पर संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी पर सख्त कार्रवाई।
- बायोमैट्रिक उपस्थिति के आधार पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश।
- स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता, वेटिंग एरिया एवं मरीज सुविधाओं में सुधार।
- अल्ट्रासाउंड मशीनों को कार्यशील अवस्था में रखने का निर्देश।
समीक्षा के दौरान सीएचसी गम्हरिया एवं राजनगर में पूर्व जांच में पाई गई कमियों के अनुपालन की समीक्षा की गई। वहीं दिनांक 26 मई 2026 को सीएचसी सरायकेला एवं पीएचसी मंगुड़ीह में निरीक्षण के दौरान रजिस्टर संधारण, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित चिकित्सा पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आयुष्मान योजना एवं स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा
बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के अंतर्गत व्यय एवं लाभुकों को दी गई राशि की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त को स्वास्थ्य विभाग के वित्तीय व्यय की गहन समीक्षा एवं लाभुकों का रेंडम सत्यापन कराने का निर्देश दिया।
आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र लाभुकों का आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही इम्यूनाइजेशन कार्यक्रम एवं एनीमिया मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लक्ष्य आधारित कार्ययोजना बनाकर कार्य करने को कहा गया।
समीक्षा के दौरान जिन चिकित्सकों एवं चिकित्सा पदाधिकारियों का कंसल्टेशन लक्ष्य से अत्यंत कम या शून्य पाया गया, उनसे स्पष्टीकरण करने के निर्देश दिए गए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सा पदाधिकारियों को सम्मान
स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण शिविरों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचाई के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुजीत कुमार मुर्मू को उपायुक्त द्वारा प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ईचागढ़ के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हरेंद्र मुंडा को सिविल सर्जन द्वारा द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के साथ प्राथमिकी भी दर्ज की जा सकती है।
उपायुक्त ने सभी चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी, डीपीएम एवं बीपीएम को निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा कार्यस्थल के समीप निवास करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, सिविल सर्जन डॉ. सरजू प्रसाद सिंह, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. नकुल चौधरी समेत सभी एमओआईसी, डीपीएम, डीएएम एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें