अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल की अध्यक्षता में खाद दुकानदारों की बैठक आयोजित, कालाबाजारी एवं डुप्लीकेट उर्वरकों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल श्री विकास कुमार राय की अध्यक्षता में चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के सभी खाद दुकानदारों एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारियों के साथ अनुमंडल स्तरीय टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में खाद की कालाबाजारी, डुप्लीकेट उर्वरकों की बिक्री तथा किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण खाद उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी दुकानदारों को निर्देश दिया कि ई-पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक एवं भौतिक स्टॉक में किसी प्रकार की विसंगति नहीं होनी चाहिए।
साथ ही स्पष्ट रूप से कहा गया कि एक्सपायरी उर्वरक अथवा डुप्लीकेट फर्टिलाइजर का भंडारण एवं बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सभी दुकानदारों को दुकान में निर्धारित मूल्य सूची एवं उपलब्ध स्टॉक का विवरण प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा। किसानों को उर्वरक बिक्री की रसीद देना भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
महत्वपूर्ण निर्देश
- ई-पॉस स्टॉक एवं भौतिक स्टॉक में समानता अनिवार्य
- एक्सपायरी एवं डुप्लीकेट खाद की बिक्री पर पूर्ण रोक
- दुकानों में मूल्य सूची एवं स्टॉक विवरण प्रदर्शित करना अनिवार्य
- किसानों को खरीद रसीद उपलब्ध कराना होगा
- नियमित निरीक्षण एवं स्टॉक सत्यापन किया जाएगा
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित खाद दुकानों की नियमित मॉनिटरिंग, औचक निरीक्षण एवं स्टॉक सत्यापन करने का निर्देश दिया। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में यह भी चेतावनी दी गई कि खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण, कृत्रिम कमी उत्पन्न करने अथवा डुप्लीकेट उर्वरकों की बिक्री से संबंधित शिकायत या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध लाइसेंस निलंबन/रद्द करने सहित सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें