उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वर्णरेखा नदी घाटों में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान जारगोडीह क्षेत्र में अवैध रूप से बालू खनिज का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर वाहन को पकड़ा गया। विभागीय टीम द्वारा वाहन को विधिवत जप्त कर अग्रेतर कार्रवाई हेतु ईचागढ़ थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
कार्रवाई के मुख्य बिंदु
- स्वर्णरेखा नदी घाटों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया
- जारगोडीह क्षेत्र से अवैध बालू परिवहन करते एक ट्रैक्टर जप्त
- वाहन को ईचागढ़ थाना में सुरक्षार्थ रखा गया
- अवैध खनन गतिविधियों पर सतत निगरानी के निर्देश
- जिले में अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी
इसके उपरांत अपराह्न में जिला खनन पदाधिकारी द्वारा नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत एकलव्य विद्यालय परिसर स्थित सोनाडुंगरी क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया। पूर्व में दर्ज प्राथमिकी के आलोक में अंचलाधिकारी, नीमडीह एवं स्थानीय थाना प्रभारी को क्षेत्र में अवैध उत्खनन एवं परिवहन गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जिले में किसी भी स्थान पर अवैध खनन, भंडारण अथवा खनिज परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार सख्ती के साथ जारी रखा जाएगा।

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें